जिले में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 33 नए मामले सामने आए। इनमें विदिशा में सबसे ज्यादा 18 व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। जबकि जगह के बासौदा में 6, ग्यारसपुर में 3 कुरवाई में 4, नटेरन और सिरोंज में एक-एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित मिला है। जिले में रोजाना औसत 30 से ज्यादा मरीज कोरोना से संक्रमित मिल रहे है। विदिशा शहर के अलावा अब जिले की अन्य तहसीलों में भी संक्रमण बढ़ने लगा है।
जिले में बढ़ रहा संक्रमण का यह आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग के लिए जहां चिंता का विषय है, वहीं जिले वासियों को इस संक्रमण से बचाव के लिए सतर्क होने की चेतावनी है। जिले में अब तक 2844 मरीज कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं इनमें से 2497 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
अब तक जिले में 56757 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव रही
शुक्रवार को जिले में कोरोना संक्रमण के अब तक लिए गए सैंपल का आंकड़ा 60000 को पार कर गया है। जिले में अब तक 60626 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से 56757 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव रही है। जिले में कोरोना से अब तक 53 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना से संक्रमित मरीजों की मृत्यु का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार मरीजों की संख्या बढ़ने से सैंपलिंग की संख्या भी 700 से अधिक हो गई है।
इसके अलावा जांच संख्या में भी वृद्धि कर दी गई है। जिले में मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि होने से होम क्वारेंटाइन में रखे गए संदिग्ध व्यक्तियों आंकड़ा भी बढ़कर 627 पर पहुंच गया है। संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने से शुक्रवार को 97 संदिग्ध व्यक्तियों के सैंपल पेंडिंग रहे।

Post a Comment